जोधपुर (नमस्ते एक्सप्रेस)। आगामी नगर निगम चुनाव में टिकट वितरण को लेकर कांग्रेस पार्टी के खिलाफ घोसी समाज में नाराजगी खुलकर सामने आई है। उदयमंदिर क्षेत्र से लंबे समय से पार्टी के लिए सक्रिय रहे कार्यकर्ता शफी मोहम्मद सोलंकी का अंतिम समय में टिकट काटे जाने से समाज के लोगों में आक्रोश है। समाज ने प्रेस वार्ता आयोजित कर जोधपुर के 10 वार्डों में कांग्रेस के पूर्ण बहिष्कार का ऐलान किया है।
घोसी समाज के प्रतिनिधियों के अनुसार, उदयमंदिर क्षेत्र घोसी समाज बहुल माना जाता है और शफी मोहम्मद सोलंकी पिछले करीब 20 वर्षों से पार्टी में टिकट की दावेदारी करते आ रहे थे। समाज के लोगों का आरोप है कि उन्हें 29 तारीख तक टिकट कन्फर्म होने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन अंतिम समय में उनका टिकट काटकर बाहरी प्रत्याशी को मैदान में उतार दिया गया। इससे समाज में भारी नाराजगी पैदा हो गई।
आपात बैठक में लिया गया निर्णय
प्रेस वार्ता में समाज के प्रबुद्धजनों ने बताया कि इस मामले को लेकर दो दिन पूर्व रात में आपात बैठक आयोजित की गई थी। बैठक में सर्वसम्मति से कांग्रेस के बहिष्कार का निर्णय लिया गया। समाज के प्रतिनिधियों ने स्पष्ट किया कि यह विरोध केवल नगर निगम चुनाव तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि आगामी विधानसभा और लोकसभा चुनावों में भी कांग्रेस को समर्थन नहीं दिया जाएगा।
समाज के लोगों का कहना है कि आजादी के बाद से घोसी समाज लगातार कांग्रेस का समर्थन करता रहा है। शिक्षा और राजनीतिक जागरूकता की कमी के चलते लंबे समय तक समाज पारंपरिक रूप से कांग्रेस के साथ जुड़ा रहा, लेकिन समय के साथ समाज में राजनीतिक जागरूकता बढ़ी है। लगातार उपेक्षा महसूस होने के बाद अब समाज ने अपनी राजनीतिक रणनीति बदलने का फैसला किया है।
8 से 10 हजार मतदाताओं का दावा
समाज के प्रतिनिधियों ने बताया कि अकेले सरदारपुरा क्षेत्र में घोसी समाज के करीब 8,000 से 10,000 मतदाता हैं। समाज ने आगामी विधानसभा और लोकसभा चुनावों में अपने स्तर पर निर्दलीय प्रत्याशी उतारने की घोषणा भी की है।
प्रेस वार्ता में वक्ताओं ने कहा कि समाज अब किसी एक राजनीतिक दल पर निर्भर रहने के बजाय अपने राजनीतिक हितों को प्राथमिकता देगा। टिकट वितरण में हुई कथित उपेक्षा को समाज ने गंभीरता से लिया है और इसके विरोध में चुनावी स्तर पर निर्णय लेने की बात कही है।
इस दौरान हाजी मोहम्मद तंवर, शफी सोलंकी, शकूर सोलंकी और जाकिर सोलंकी सहित घोसी समाज के कई वरिष्ठ प्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि आने वाले चुनाव में बहिष्कार के फैसले को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए समाज के लोगों से संपर्क किया जाएगा।

