विद्यालय को 4 लाख रुपए की शैक्षणिक सामग्री भेंट, संस्थापक ममता बगड़ाई ने की घोषणा; शिक्षा, कौशल विकास और जल संरक्षण को मिलेगी प्राथमिकता
देसूरी (नमस्ते एक्सप्रेस/प्रमोद पाल सिंह)। उपखंड क्षेत्र के माडपुर गांव के विकास को नई दिशा देने की पहल करते हुए बीजासूत्र योजना फाउंडेशन ने गांव को गोद लेकर उसके सर्वांगीण विकास की जिम्मेदारी उठाने की घोषणा की है। सोमवार को राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय माडपुर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान फाउंडेशन की ओर से करीब 4 लाख रुपए की शैक्षणिक एवं आवश्यक सामग्री भेंट की गई। रविन्द्र सिंह मेड़तिया खोड़ की प्रेरणा से आयोजित इस कार्यक्रम में फाउंडेशन की संस्थापक ममता बगड़ाई ने शिक्षा, कौशल विकास, जल संरक्षण और जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देने का संकल्प जताया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संस्थापक ममता बगड़ाई ने कहा कि फाउंडेशन का उद्देश्य केवल घोषणाएं करना नहीं, बल्कि धरातल पर काम करके समाज में सकारात्मक बदलाव लाना है। माडपुर गांव को विकास की दृष्टि से आदर्श गांव बनाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर अवसर उपलब्ध करवाना उनकी प्राथमिकता है, ताकि वे भविष्य में आत्मविश्वास के साथ हर क्षेत्र में अपनी पहचान बना सकें।
उन्होंने विद्यार्थियों को मोबाइल के अनावश्यक उपयोग से बचने और पढ़ाई के साथ अपने व्यक्तित्व विकास पर ध्यान देने की सलाह दी। साथ ही स्थानीय स्तर पर कौशल विकास के अवसर उपलब्ध करवाने की दिशा में भी प्रयास करने की बात कही।
शिक्षा से होगी आदर्श गांव के विकास की शुरुआत
कार्यक्रम के प्रेरक रविन्द्र सिंह मेड़तिया खोड़ ने कहा कि पिछले पांच वर्षों से उनका ग्रामीण क्षेत्र से जुड़ाव रहा है और इस दौरान विभिन्न जनहित के कार्य करवाए गए हैं। फाउंडेशन की संस्थापक की मंशा किसी एक गांव को आदर्श विकास मॉडल के रूप में विकसित करने की थी। इसी उद्देश्य से माडपुर का चयन प्रथम गांव के रूप में किया गया है।
उन्होंने कहा कि फाउंडेशन का पूरा प्रयास रहेगा कि माडपुर गांव का शिक्षा, सामाजिक सुविधाओं और बुनियादी विकास के क्षेत्र में सर्वांगीण उत्थान हो। इसी दिशा में सबसे पहले विद्यालय को आवश्यक संसाधन उपलब्ध करवाकर शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने की पहल की गई है।
उन्होंने बताया कि विद्यालय को दो अलमारियां, एक मंजूषा, बैठक व्यवस्था के लिए बेंच, टेबल-कुर्सियां और पुस्तकें सहित करीब 4 लाख रुपए की सामग्री भेंट की गई है। इससे विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध होने के साथ विद्यालय के शिक्षण कार्यों में भी सुविधा मिलेगी।
जल संरक्षण और सूखते जलस्रोतों को बचाने पर भी जोर
रविन्द्र सिंह खोड़ ने गर्मी और बारिश की कमी के कारण सूखते जलस्रोतों पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि गांव में पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करना भी फाउंडेशन की प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा। इसके लिए तहसीलदार एवं प्रशासन के सानिध्य में टीम गठित कर अवालों और अन्य जलस्रोतों को भरवाने की पहल की जाएगी।
उन्होंने माडपुर सरपंच नंदाराम चौधरी से जलस्रोतों में होने वाले लीकेज की समस्या को दूर करवाने का आग्रह किया, ताकि पानी की बर्बादी रोकी जा सके और उपलब्ध जल का बेहतर उपयोग हो।
अतिथियों ने पहल को बताया सराहनीय
विद्यालय के प्रधानाचार्य मानसिंह चौहान ने फाउंडेशन की ओर से दिए गए सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उपलब्ध करवाई गई शैक्षणिक सामग्री विद्यालय में अध्यापन कार्य को बेहतर बनाने में उपयोगी साबित होगी।
तहसीलदार फतेह सिंह ने कहा कि पुस्तक ज्ञान की नदी है। विद्यार्थियों को पुस्तकों के माध्यम से अधिक से अधिक ज्ञान अर्जित कर अपने गांव और क्षेत्र का नाम रोशन करना चाहिए। उन्होंने फाउंडेशन की पहल की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा के साथ जल संरक्षण के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयास भी महत्वपूर्ण हैं। गर्मी के मौसम में अवालों को भरवाने की घोषणा को उन्होंने जनहित में सराहनीय कदम बताया।
ग्राम विकास अधिकारी रूपसिंह चारण ने बताया कि फाउंडेशन की स्थापना करीब दो माह पूर्व हुई है और इसका मुख्य उद्देश्य समाज कल्याण एवं ग्रामीण विकास है। फाउंडेशन ने अपनी शुरुआत ही शिक्षा के क्षेत्र में सहयोग देकर की है, जिससे विद्यार्थियों के शैक्षणिक स्तर के साथ उनके व्यक्तित्व विकास को भी बढ़ावा मिलेगा।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिवार की ओर से अतिथियों का बहुमान किया गया। इस अवसर पर माडपुर सरपंच नंदाराम चौधरी, पूर्व सरपंच कमलेंद्र सिंह, खोड़ के पूर्व सरपंच मालमसिंह, फाउंडेशन के प्रतिनिधि, ग्रामीणजन, विद्यालय स्टाफ एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
बीजासूत्र फाउंडेशन की इस पहल से माडपुर गांव में विकास की नई उम्मीद जगी है। शिक्षा, कौशल विकास और जल संरक्षण को केंद्र में रखकर शुरू किया गया यह प्रयास आने वाले समय में गांव को आदर्श विकास मॉडल बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित हो सकता है।






